केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के देहरादून (Dehradun) दौरे को लेकर यातायात पुलिस की ओर से यातायात डायवर्ट किया गया। जिस रूट पर गृहमंत्री का काफिला निकला वहां-वहां जीरो जोन बनाया गया। दोपहर करीब तीन बजे गृह मंत्री नरेंद्रनगर से विशेष विमान से जीटीसी हेलीपेड पहुंचे। इसके बाद जीटीसी से सड़क मार्ग से एफआरआइ पहुंचे। इस दौरान जीटीसी हेलीपेड से एफआरआइ तक जीरो जोन घोषित किया गया।
शाह के एफआरआइ पहुंचने पर खोल दिया गया यातायात
गृह मंत्री के एफआरआइ पहुंचने पर यातायात को खोल दिया गया। यहां 49वीं अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस में शिरकत करने के बाद वह शाम को भाजपा मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान पूरे मार्ग पर जीरो जोन घोषित किया गया और जगह-जगह यातायात डायवर्ट किया गया। भाजपा मुख्यालय में कुछ समय रुकने के बाद वह जौलीग्रांट एयरपोर्ट तक सड़क मार्ग तक पहुंचे। सुभाष रोड से हरिद्वार रोड तक पूरा यातायात डायवर्ट किया गया।
रात के समय दिल्ली के लिए हुए रवाना
गृह मंत्री शाह बीती रात नौ बजे के करीब वह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां कुछ समय रुकने के बाद वह विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुए। जीरो जोन होने के चलते हरिद्वार धर्मपुर चौक से रिस्पना पुल और हरिद्वार रोड पर कहीं-कहीं जाम देखने को मिला। हालांकि कुछ समय बाद स्थिति सामान्य हो गई।
