अल्मोड़ा ब्यूरो । उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर 26वें राज्योत्सव के तहत सोमवार को जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मल्ला महल में आयोजित मुख्य समारोह में राज्य आंदोलनकारियों को फूलमाला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान राज्य निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। सूचना विभाग की ओर से प्रदेश के विकास कार्यों पर आधारित पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन भी किया गया। समारोह में उपस्थित लोगों को पुस्तिका वितरित की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं और राज्य आंदोलनकारियों ने राज्य आंदोलन से जुड़ी यादें और अनुभव साझा किए। उन्होंने राज्य निर्माण के लिए किए गए संघर्ष और आंदोलनकारियों के बलिदान को याद किया। इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में रंग भर दिए। इससे पूर्व सुबह विद्यालयी बच्चों ने प्रभातफेरी निकालकर कार्यक्रमों की शुरुआत की। जनरल बीसी जोशी शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। जिला मुख्यालय के साथ ही जिले की सभी तहसीलों में भी राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। मल्ला महल में आयोजित समारोह में मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, दायित्वधारी कुंदन सिंह लटवाल और गोविंद पिल्खवाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा और रघुनाथ सिंह चौहान, बिट्टू कर्नाटक, केवल सती, महेश परिहार सहित अन्य गणमान्य लोग, राज्य आंदोलनकारी और आमजन मौजूद रहे।
राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
