ऋषिकेश, ब्यूरो। ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट द्वारा महिलाओं द्वारा की जा रही विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के समापन पर मां गंगा की महाआरती की और पूर्णानंद घाट पर उपस्थित हजारों श्रद्धालु इस अद्भुत पल के साक्षी बने। मां गंगा की महाआरती से पहले षोडशोपचार विधि से मां गंगा का विधिवत पूजन अर्चन हुआ। कोरोना के कारण पूरे दो साल बाद पूर्णानंद घाट पर इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वहीं श्रद्धालुओं की माने तो उन्होंने गंगा आरती का इतना भव्य नजारा इसके पहले कभी भी यहां नहीं देखा। बताते चले कि पूर्णानंद घाट पर मां गंगा को भोग लगाया गया इसके अलावा गंगा मैया को 51 मीटर की चुनरी भी चढ़ाई गई। षोड्षोपचार विधि से पूजन अर्चन के साथ 11 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया गया फिर महाआरती हुई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन में समां बांधा।
