देहरादून ब्यूरो एम्स किच्छा सेटेलाइट सेंटर में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर रकम लेने के मामले में अदालत ने एक और आरोपी को राहत नहीं दी। फर्जी नियुक्ति पत्र से जुड़े इस मामले में पांचवें आरोपी की जमानत अर्जी भी खारिज कर दी गई है।एम्स के किच्छा स्थित सेटेलाइट सेंटर में नौकरी लगवाने के नाम पर धनराशि लेने और कथित तौर पर फर्जी नियुक्तिपत्र जारी करने के मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने पांचवें आरोपी दीपक गुसाईं की जमानत अर्जी भी खारिज कर दी है। चार आरोपियों की जमानत याचिका अदालत पूर्व में ही खारिज कर चुकी है।दीपक गुसाईं ने जमानत के लिए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद कुमार बर्मन की अदालत में प्रार्थनापत्र दायर किया था। अभियोजन की ओर से जमानत का विरोध करते हुए कहा गया कि आरोपियों ने अन्य सहआरोपियों के साथ मिलकर एम्स के किच्छा स्थित सेटेलाइट सेंटर में भर्ती के नाम पर अभ्यर्थियों से धनराशि ली और उन्हें कथित रूप से फर्जी नियुक्तिपत्र जारी किए।
फर्जी नियुक्ति पत्र मामले में पांचवें आरोपी की जमानत भी खारिज, चार को पहले ही नहीं मिली राहत
