देहरादून में वकीलों का विशाल प्रदर्शन, शहर थमा
देहरादून (ब्यूरो ) – देहरादून में शनिवार का दिन वकीलों के व्यापक आंदोलन के नाम रहा, जहां अपनी लंबित मांगों को लेकर सैकड़ों अधिवक्ताओं ने न केवल अदालतों का कामकाज ठप कर दिया, बल्कि शहर की मुख्य सड़कों को भी जाम कर दिया। सुबह से ही प्रिंस चौक पर वकीलों का भारी जमावड़ा शुरू हो गया। दो लंबी कतारों में वकील गांधी रोड, तहसील परिसर और दर्शन लाल चौक से होते हुए घंटाघर तक पहुंचे। इस रैली के दौरान नारेबाजी, बैज और बैनर के साथ उनका आक्रोश साफ झलक रहा था। घंटाघर पर कुछ समय रुककर वकीलों ने सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करते हुए अपनी लंबित मांगों को तत्काल पूरा करने की चेतावनी दी। इसके बाद सभी अधिवक्ता पुनः हरिद्वार रोड स्थित अदालत परिसर के बाहर बनाए गए धरनास्थल पर एकत्र हो गए और देर तक प्रदर्शन जारी रहा।