काशीपुर, ब्यूरो। आईआईएम काशीपुर के अर्सलन अहमद ने टाटा क्रूसिबल कैंपस क्विज 2022 के क्लस्टर फाइनल में जीत हासिल की। यह क्विज विभिन्न परिसरों के लिए भारत के सबसे बड़े क्विज का ऑनलाइन संस्करण है। उत्तराखंड क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाला क्लस्टर 16 का फाइनल काफी रोमांचक था। इसमें प्रतिभागियों ने अपनी त्वरित सोच और तीव्र क्विज़िंग क्षमताओं का प्रदर्शन किया। विजेता को 35000 रुपये’का नकद पुरस्कार दिया गया और अब वो राष्ट्रीय फाइनल के लिए क्वालीफाई करने हेतु जोनल फाइनल में प्रतिस्पर्धा करेंगे। आईआईएम काशीपुर के पुलकित सिंघल को उपविजेता घोषित किया गया जिन्हें 18000 रुपये’ का नकद पुरस्कार दिया गया। ताज ऋषिकेश रिसॉर्ट एंड स्पा, उत्तराखंड के महाप्रबंधक, देवराज सिंह इस आयोजन के मुख्य अतिथि थे और उन्होंने वर्चुअल पुरस्कार वितरण समारोह में पुरस्कार प्रदान किए। महामारी से उत्पन्न चुनौतियों को लांघते हुए, टाटा क्रूसिबल क्विज का प्रारूप वर्ष 2020 से ऑनलाइन हो गया। कैंपस क्विज के ऑनलाइन संस्करण के लिए, देश को 24 क्लस्टर में विभाजित किया गया है और ऑनलाइन प्रीलिम्स के दो स्तरों के बाद, प्रत्येक क्लस्टर के शीर्ष 12 फाइनलिस्टों को वाइल्ड कार्ड फाइनल के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जिसमें से शीर्ष 6 फाइनलिस्ट तब 24 ऑनलाइन क्लस्टर फाइनल में प्रतिस्पर्धा करेंगे। इन 24 क्लस्टरों को आगे चार क्षेत्रों – दक्षिण, पूर्व, पश्चिम और उत्तर में समूहीकृत किया गया है और प्रत्येक जोन में 6 क्लस्टर शामिल होंगे।
—————————————————–
