127 प्रादेशिक सेना (पर्यावरण बल), गढ़वाल राइफल्स की ओर से गढ़ी कैंट में भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती पूर्व सैनिकों और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय व राज्य वन विभाग की सेवानिवृत्त महिला कर्मचारियों (पूर्ण सेवापूर्व सेवानिवृत्त) के लिए है। सिपाही जनरल ड्यूटी और ट्रेडमैन के लिए यह भर्ती 9 से 12 अक्टूबर तक चलेगी।
127 प्रादेशिक सेना पर्यावरण बल के कमान अधिकारी कर्नल रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि जनरल ड्यूटी के 106 पदों के अलावा सिपाही (रसोईया) व सिपाही (बढ़ई) के एक-एक पद पर भर्ती होनी है। जनरल ड्यूटी की भर्ती में सेवानिवृत्त सैनिक की न्यूनतम आयु सीमा नहीं है, पर उन्हें सेवानिवृत्त हुए पांच साल से ज्यादा नहीं होना चाहिए।
जवान की नौकरी करने की अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय व राज्य वन विभाग की सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति) बीस साल नौकरी कर चुकी हों। डिस्चार्ज बुक की मूल प्रति, सेना सामूहिक जीवन बीमा की ओर से जारी प्रमाण पत्र की मूल एवं छायाप्रति व पेंशन भुगतान आदेश की मूल प्रति और पासपोर्ट साइज आठ फोटोग्राफ साथ लानी होगी। भर्ती होने पर सालभर में केवल आठ माह ही सेवा होगी। उसी दौरान के वेतन-भत्ते मिलेंगे।
ये हैं मानक
चिकित्सा मानक : शेप-1
चरित्र : अनुकरणीय अथवा बहुत अच्छा।
लंबाई :160 सेमी (गोरखा और गढ़वाली के लिए 152 सेमी) और भूतपूर्व पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और राज्य वन विभाग की महिला कर्मियों के लिए 150 सेमी।
वजन : पुरुष 50 किलो व महिला 42 किलो।
सीमा : पुरुष 82 सेमी (फुलाव कम से कम 05 सेमी)
(अभ्यर्थी उत्तराखंड का मूल निवासी होना चाहिए।)
