एम्स में भर्ती हैं उत्तरकाशी बस दुर्घटना में घायल गुजरात के 14 यात्री
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने उत्तरकाशी बस दुर्घटना में घायल हुए गुजरात के श्रद्धालु यात्रियों का एम्स पहुंचकर हाल जाना। मंत्री ने उपचार करने वाले चिकित्सकों से वार्ता की और कहा कि घायलों के इलाज में कोई कमी न की जाए। उन्होंने डीएम उत्तरकाशी से दूरभाष पर वार्ता कर घायलों के खोए सामान और मोबाइल फोन पहुंचाने के निर्देश दिए।
बस दुर्घटना में घायल नैनाबेन (59), विवेक (23), मनीष (51), मुकेश (27), हरेंद्र सिंह (39), गुरुभाई (38), ब्रिजराज (40), संजय (42), अशोक (43), सुरेश (55), रेखा (52), देवकर (52), संजू (29), मीराबेन (27) को एम्स में भर्ती कराया गया है। सोमवार को मंत्री अग्रवाल ने एम्स पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और घायलों से वार्ता की। कहा कि चार लोग ज्यादा चोटिल हैं, जिनका समुचित उपचार किया जा रहा है। शेष घायलों के जल्द डिस्चार्ज किया जाएगा।
घायलों ने मंत्री अग्रवाल से दुर्घटना के दौरान सामान, मोबाइल फोन इत्यादि गुम होने की जानकारी दी। जिस पर मंत्री ने डीएम उत्तरकाशी को दूरभाष पर वार्ता कर घायलों के खोए सामान, मोबाइल फोन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम योगेश मेहरा, तहसीलदार चमन सिंह, एम्स निदेशक प्रो. मीनू सिंह, डाॅ. मधुर उनियाल, जनसंपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल, नितिन सक्सेना, जगावर सिंह आदि मौजूद रहे।
