गूलर बस एक्सीडेंट में जांच के आदेश, घायलों से मिले सीएम, मुआवजे की घोषणा – Uttarakhand Nidhi

गूलर बस एक्सीडेंट में जांच के आदेश, घायलों से मिले सीएम, मुआवजे की घोषणा

उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ. यहां हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि 25 लोग घायल हो गए हैं. हादसे के बाद घायलों उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती करवाया गया है. मुख्यमंत्री सीएम धामी घायलों से मिलने एम्स ऋषिकेश पहुंचे.

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी जनपद के उलर घाटी के पास ऋषिकेश से जोशीमठ जा रही बस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोककुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की. उन्होंने बताया घायलों को एम्स ऋषिकेश सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराकर उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था कर दी गई है. प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तरह मुस्तैद है. इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे के कारणों की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं.

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऋषिकेश एम्स पहुंचे और भर्ती घायलों से मुलाकात की. उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा हादसे के बाद प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं. घायलों को एम्स ऋषिकेश सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराकर बेहतर उपचार की व्यवस्था की गई है. वहीं दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं.

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को ₹2-₹2 लाख की आर्थिक सहायता, गंभीर रूप से घायलों को ₹1 लाख तथा सामान्य रूप से घायलों को ₹40 हजार तक की राहत राशि प्रदान करने की घोषणा की है. साथ ही, मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल एवं आरटीओ, देहरादून को निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए. घायलों को समुचित एवं बेहतर चिकित्सा उपचार सुनिश्चित किया जाए.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *