दून भवानी में आयोजित छात्र संसद में विपक्ष ने मंत्रियों को घेरा – Uttarakhand Nidhi

दून भवानी में आयोजित छात्र संसद में विपक्ष ने मंत्रियों को घेरा

जौलीग्रांट ब्यूरो । दून भवानी इंटरनेशनल स्कूल, रानीपोखरी में आयोजित युवा संसद में छात्र-छात्राओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था का जीवंत प्रदर्शन किया। प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी छात्र सांसदों ने शिक्षा मंत्री से पेपर लीक के लगातार सामने आ रहे मामलों पर सवाल पूछे। इस पर छात्र शिक्षा मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि पेपर लीक रोकने के लिए कड़े कानून बनाए गए हैं और सरकार इस दिशा में प्रयासरत है। युवा संसद में बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। विपक्षी सांसदों ने सवाल किया कि बेटियां देश में खुद को सुरक्षित क्यों महसूस नहीं कर पा रही हैं और घर से बाहर निकलने में डर क्यों महसूस करती हैं। विद्यालय के निदेशक बीपी उनियाल ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। युवा संसद के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर अपनी समझ और जागरूकता का परिचय दिया। वहीं, प्रधानाचार्या पुष्पा उनियाल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।। इस अवसर पर सह निदेशक साकेत उनियाल, देव बडोनी, सारिका डोगरा, पूजा पुंडीर और मामराज सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *