उत्तराखंड: प्रदेश स्वास्थ्य प्राधिकरण के सर्वर में सेंध की कोशिश, पासवर्ड हैक कर क्रेडेंशियल्स चुराने की साजिश
- 21 अगस्त की रात राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के सर्वर पर संदिग्ध साइबर गतिविधि सामने आई। जांच के बाद आईटीडीए ने सुरक्षा बढ़ाने और प्रभावित कंप्यूटरों को फॉर्मेट करने के निर्देश दिए हैं।राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के सर्वर में 21 अगस्त की रात 10:13 बजे से 10:54 बजे के बीच साइबर अपराधियों ने सेंध लगाने की कोशिश की। सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए) की जांच रिपोर्ट में ये साफ हो गया है। आईटीडीए ने अब प्राधिकरण को पत्र भेजकर तत्काल सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने को कहा है। सभी पासवर्ड बदले जाएंगे। प्रभावित कंप्यूटर फॉर्मेट करने होंगे।आईटीडीए ने माना कि प्राधिकरण की एक मशीन के जरिये संदिग्ध गतिविधि कर वर्चुअल मशीन को हैक करने का प्रयास किया गया। समय रहते सुरक्षा प्रणाली सक्रिय होने से बड़ा साइबर हमला विफल हो गया। आईटीडीए के अपर निदेशक तीर्थ पाल सिंह ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अपर निदेशक को पत्र लिखकर तत्काल साइबर सुरक्षा के सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
