चमोली ब्यूरो- 12 नवंबर से शुरू हो जाएंगी पंच पूजाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बदरीनाथ। विजयदशमी पर्व पर बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने की तिथि घोषित कर दी गई है। आगामी 16 नवंबर को रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर परंपरानुसार बदरीनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल ने पंचांग गणना के आधार पर तिथि घोषित की। 12 नवंबर से बदरीनाथ कपाट बंद होने के तहत पंच पूजाएं शुरू हो जाएंगी और 17 नवंबर को बदरीश पंचायत (बदरीनाथ मंदिर गर्भगृह) से उद्धव व कुबेर भगवान के साथ आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान करेंगी।
मंगलवार को बदरीनाथ मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में कपाट बंद होने की तिथि तय हुई। बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय कप्रवाण, प्रह्लाद पुष्पवान, राजेंद्र डिमरी, रजनीश भट्ट, बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ की मौजूदगी में बदरीनाथ मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने कपाट बंद होने की तिथि की विधिवत घोषणा की। इससे पूर्व धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी डॉ. रविंद्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी ने पूजा-अर्चना तथा पंचांग गणना के पश्चात कपाट बंद होने की तिथि निश्चित की।
16 नवंबर को रात 9.37 पर बंद होंगे बदरीनाथ मंदिर के कपाट
