नई दिल्ली में आयोजित अयोध्या पर्व कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग
अयोध्या में दिव्य व भव्य राम मंदिर निर्माण देश के लिए एक शुभ संकेतः मुख्यमंत्री
-चार धाम यात्रा के लिएमुख्यमंत्री ने किया सभी को आमंत्रित
नई दिल्ली/देहरादून, ब्यूरो। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली में गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति द्वारा आयोजित अयोध्या पर्व-2022 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। अयोध्या पर्व के चौथे आयोजन के उद्घाटन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन बहुत ही विशेष है आज हनुमान जन्मोत्सव है तथा पूर्णिमा भी है, इस कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिये गर्व की बात है, क्योंकि यहां पहुंच कर वह अपने को अयोध्या की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ा हुआ महसूस कर रहे हैं। यहां आना तभी सम्भव है, जब भगवान राम की व्यक्ति पर कृपा हो। उन्होंने कहा कि अयोध्या पर्व के इस सांस्कृतिक व आध्यात्मिक मंच पर विराजमान पूज्य संत-धर्माचार्य, मनीषी, विद्वत समाज से जुड़े महानुभावों तथा कार्यक्रम में उपस्थित राम और राम की संस्कृति के साधकों और आराधकों का भी वह अभिवादन करते हैं जिन्होंने जन-जन के मन में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम और राम की संस्कृति की धारा को और तेज करने की कोशिश जारी रखी है।
