कार सेवकों पर गोली चलाने वाले नहीं चाहते थे मंदिर बने, गोवर्धन में बोले सीएम पुष्कर धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई संस्कृति और नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि कार सेवकों पर गोली चलाने वाले मंदिर बनवाना नहीं चाहते थे। मोदी और योगी की सरकार में अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन गया है, अगर सपा और कांग्रेस होती तो ये नहीं बनता।
शुक्रवार को गोवर्धन पहुंचे धामी ने गुरुकृपा गार्डन में आयोजित सम्मान समारोह में कहा कि देश पहली बार गुलामी की जंजीरों से निकल कर बाहर आया है। मोदी सरकार ने कश्मीर से धारा 370 हटाई। 22 जनवरी को प्रभु श्रीराम अपने गर्भ गृह में विराजमान होंगे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर भारत को विश्व गुरु का दर्जा मिलेगा। सीएम ने गोल्फ कार्ट से परिक्रमा लगायी। धामी शनिवार को साध्वी ऋतम्भरा के 60वें जन्म दिवस पर आयोजित षष्ठीपूर्ति महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि धर्म के मार्ग पर चलने से जीवन में कोई दुविधा नहीं आती। उत्तराखंड का मुख्य सेवक के रूप में वे धर्म के मार्ग पर चलकर जो भी फैसले लेते हैं,वे स्वयं ही समाजहित में सही हो जाते हैं। सीएम धामी नई दिल्ली में शुक्रवार को विनोद नगर वॉर्ड स्थित श्री बद्रीनाथ मंदिर में श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान-यज्ञ आयोजन में शामिल हुए। श्रीराम कथा का वाचन डॉ. गीता राम त्रिपाठी ने किया।
कड़ाके की पड़ती ठंड में खराब मौसम की वजह से सीएम धामी हेलीकॉप्टर की जगह कार से पहुंचे। वह आगरा से गोवर्धन के लिए कार द्वारा यमुना एक्सप्रेस वे से छाटीकरा होते हुए सुरक्षा व्यवस्था के बीच गिरिराज तलहटी पहुंचे।