उत्तराखंड रोडवेज बस यात्रियों को हो सकती है भारी परेशानी, कर्मचारियों ने किया हड़ताल का ऐलान – Uttarakhand Nidhi

उत्तराखंड रोडवेज बस यात्रियों को हो सकती है भारी परेशानी, कर्मचारियों ने किया हड़ताल का ऐलान

उत्तराखंड रोडवेज बसों में सफर करने वाले बस यात्रियों को आने वाले दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आक्रोशित कर्मचारियों ने अपने मांगों के निस्तारण के लिए हड़ताल करने का ऐलान किया है। चिंता जताई कि प्रबंधक को कई बार ज्ञापन सौंपने के बाद भी मांगों का निस्तारण नहीं हुआ है। ऐसे में आक्रोशित कर्मचारियों ने तीन अक्तूबर को हड़ताल पर जाने का फैसला ले लिया है।

उधर, रोडवेज के महाप्रबंधक दीपक जैन ने उत्तराखंड परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा को पत्र जारी कर तीन अक्तूबर को प्रस्तावित हड़ताल टालने की अपील की, लेकिन मोर्चा ने इस मांग को ठुकरा दिया है।जीएम ने पत्र के माध्यम से कहा कि मोर्चा की कुछ मांगों पर विस्तार से चर्चा के बाद सकारात्मक निर्णय लिए गए हैं।

कुछ पर सकारात्मक कार्यवाही के प्रयास भी किए जा रहे हैं। दूसरी तरफ, संयुक्त मोर्चा के संयोजक अशोक चौधरी ने रोडवेज के एमडी को पत्र लिखकर अवगत करवाया है कि संयुक्त मोर्चा ने सर्वसम्मति से आंदोलन का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि परिवहन निगम मुख्यालय को इसकी पूर्व में जानकारी नोटिस के माध्यम से भी दी जा चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने से रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि आंदोलन को लेकर निर्णय यथावत रहेगा।

कर्मचारियों की वाजिब मांगों पर प्रबंधन गंभीर है। हाल में इन पर कार्यवाही भी की गई है। कुछ विषय नीतिगत होने की वजह से उन पर निर्णय शासन स्तर से लिया जा सकता है। शासन से लगातार वार्ता जारी है। रोडवेज को सशक्त बनाने के लिए सबके सामूहिक प्रयासों की जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *