शासन और राज्य सूचना आयुक्त ने एक वर्ष पूर्व हरकी पैड़ी पर स्थित पुलिस चौकी और क्षेत्र से अवैध अतिक्रमण को हटाने के आदेश दिए थे। उन आदेशों को दरकिनार करते हुए हरकी पैड़ी क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की रूपरेखा बना दी गई।हरकी पैड़ी क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को एचआरडीए ने 159.20 करोड़ रुपये स्वीकृत करा लिए और अब सूचना आयोग में जल्द ही इस मामले की सुनवाई भी होनी है। बता दें कि हरकी पैड़ी क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण को लेकर आरटीआई कार्यकर्ता रमेश चंद्र शर्मा ने जनसूचना अधिकार अधिनियम के तहत अपील की है।
मुख्यमंत्री से भी की थी शिकायत
इसके अलावा उन्होंने अवैध अतिक्रमण को लेकर पूर्व में मुख्यमंत्री से भी शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जहां शासन की ओर से मुख्यमंत्री के निजी सचिव की ओर से हरिद्वार जिला प्रशासन को अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे।
वहीं, जनसुनवाई के दौरान मुख्य सूचना आयुक्त अनिल चंद्र पुनेठा ने सीधे अपर जिलाधिकारी हरिद्वार को 2022 में पुलिस चौकी समेत अवैध अतिक्रमण को हटाने और पूरी रिपोर्ट आयोग में प्रस्तुत करने के लिए आदेश दिया था।आदेश में सचिव शहरी विकास शासन को निर्देश दिया गया था कि उनके द्वारा बुजुर्ग दिव्यांग श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा के लिए गंगा आरती दर्शन आस्था पथ का निर्माण कराया जाए। इसी क्रम में जिलाधिकारी को हरकी पैड़ी परिक्षेत्र के पश्चिम दिशा की ओर भव्य सुंदर मां गंगा द्वार निर्माण स्थापना में बाधक पुलिस चौकी के दो कमरों को हटाने की कार्रवाई के भी आदेश दिए गए थे।
