स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा कदम, बनेगी महिला-पुरुष शिक्षकों की हेल्प डेस्क – Uttarakhand Nidhi

स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा कदम, बनेगी महिला-पुरुष शिक्षकों की हेल्प डेस्क

देहरादून। बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से ‘सुरक्षित बचपन जागरूकता अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को नेहरू कॉलोनी स्थित स्टारलैंड विद्यालय में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, यौन शोषण से बचाव, साइबर सुरक्षा और कानूनी सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का नेतृत्व अपर जिला जज पंचम अंजली बेंजवाल ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान और किसी भी तरह के शोषण, उत्पीड़न या दुर्व्यवहार से बचाव के कानूनी उपायों की जानकारी दी।
शिविर में बच्चों को समझाया गया कि उन्हें अपने अधिकारों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना जरूरी है। किसी भी अप्रिय घटना या दुर्व्यवहार की स्थिति में डरने अथवा चुप रहने के बजाय अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को तुरंत जानकारी देनी चाहिए। इसके साथ ही विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, जरूरी हेल्पलाइन नंबरों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित की गई, जहां छात्र-छात्राओं को विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान जानने का अवसर मिला।
अपर जिला जज अंजली बेंजवाल ने विद्यालय की प्रधानाचार्या को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विद्यालय में दो महिला और दो पुरुष शिक्षक-शिक्षिकाओं का पैनल गठित किया जाए। साथ ही विद्यालय में स्थायी हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि बच्चे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं साझा कर सकें।
शिविर में साइबर सेल से शिल्पा सैनी, जिला बाल संरक्षण इकाई से रश्मि बिष्ट, पैनल अधिवक्ता नूपुर मित्तल, प्राविधिक कार्यकर्ता कुलवीर सिंह तड़ियाल और किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *