देहरादून: महिला को जबरन कार में बैठाने का मामला, एक गिरफ्तार, लेन-देन के विवाद में डराने पहुंचे थे आरोपी
देहरादून ब्यूरो सहस्रधारा रोड पर सुबह के समय महिला को कार में जबरन बैठाने की कोशिश के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुराग खंगाले। जिसके आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है।
देहरादून रायपुर क्षेत्र में महिला को जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला को व्यापारिक लेन-देन के विवाद में डराने के लिए पहुंचे थे। मामले में चार अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर को कानन कुंज, सहस्रधारा रोड निवासी महिला सुषमा वर्मा ने रायपुर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि 23 सितंबर की सुबह करीब 6:50 बजे नाला पानी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।