Rishikesh News: बीएएमएस की रिक्त सीटों पर 24 सितंबर से केंद्रीय काउंसिलिंग

 ऋषिकेश ब्यूरो – उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में 30 सितंबर तक होंगे ऑनलाइन पंजीकरण, निजी कॉलेजों में सीधे प्रवेश पर रोक-24 से 30 सितंबर तक होगा पंजीकरण,
– 15 प्रतिशत सीटें ऑल इंडिया और 85 प्रतिशत राज्य कोटे से भरेंगी
बीएएमएस की रिक्त सीटों पर 24 सितंबर से केंद्रीय काउंसिलिंग
ऋषिकेश। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के परिसरों और संबद्ध निजी संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएएमएस की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर केंद्रीय काउंसिलिंग शुरू की जाएगी। काउंसिलिंग का प्रथम चरण 24 सितंबर से शुरू होगा। अभ्यर्थी 24 से 30 सितंबर तक पंजीकरण करा सकेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. एसके बरनवाल ने बताया कि काउंसिलिंग के संबंध में 16 सितंबर को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में काउंसिलिंग बोर्ड की दूसरी बैठक हुई। इसमें भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (एनसीआईएसएम), आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में निर्णय लिया गया। डॉ. बरनवाल ने बताया कि सत्र 2026-27 में विश्वविद्यालय के परिसरों और संबद्ध निजी संस्थानों में आयुष स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की सीटों में 15 प्रतिशत सीटें अखिल भारतीय/ओपन कोटे और 85 प्रतिशत सीटें उत्तराखंड राज्य कोटे से भरी जाएंगी। डॉ. बरनवाल ने संबद्ध निजी कॉलेजों को भी स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय की केंद्रीय काउंसिलिंग के अलावा किसी अन्य माध्यम से बीएएमएस में किया गया प्रवेश मान्य नहीं होगा। किसी भी अनधिकृत प्रवेश को विश्वविद्यालय की ओर से मान्यता नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित कॉलेज के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ उसे विश्वविद्यालय से असंबद्ध किए जाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.