कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का भाजपा पर हमला, किसान आंदोलन में 700 से ज्यादा शहीद;वोटर तोड़ेंगे BJP का घमंड
हरियाणा से कांग्रेस के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र चंद सिंह के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने कहा कि प्रचंड बहुमत से सत्ता में आई भाजपा को अहंकार हो गया है। इसी अहंकार से भाजपा ने किसान आंदोलन की सुध नहीं ली। नतीजा, 700 से अधिक किसान शहीद हो गए। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में जनता वोट की चोट से भाजपा के घमंड को तोड़ देगी।
सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा यहां दढ़ियाल रोड स्थित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बड़े वादों के साथ भाजपा सरकार सत्ता में आई थी। हर किसी के खाते में 15 लाख, दो करोड़ युवाओं को रोजगार जैसे वादे किए थे। लेकिन, सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया।
70 साल में पहली बार ऐसी सरकार आई है जिसने महंगाई, बेरोजगारी, डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस की कीमतें इतनी बढ़ा दी हैं कि आम आदमी का जीना दुश्वार हो गया है। किसान आंदोलन में गए किसानों के 700 शव दिल्ली बॉर्डर से वापस आए। सरकार ने किसानों को इंसान तक न समझा। उन्होंने कहा जब मैंने संसद में आंदोलनकारी किसानों की समस्याएं उठाईं तो मेरा मजाक उड़ाया गया।