देहरादून, ब्यूरो। तम्बाकू मुक्त उत्तराखंड के लिए आगामी 31 मई को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर प्रदेशभर के पांच लाख लोग तम्बाकू निषेध की शपथ लेंगे। दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित तम्बाकू निषेध शपथ समारोह में अंडमान-निकोबार के उप राज्यपाल एडमिरल डी0के0 जोशी मुख्य अतिथि एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर विशिष्ट अतिथि सम्मिलित होंगे। प्रदेश के समस्त राजकीय विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के अलावा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सहित पंचायतीराज विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तम्बाकू निषेध की शपथ लेंगे।
इसके अलावा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित ‘आओ गांव चलें, उत्तराखंड को तम्बाकू मुक्त’ करें अभियान में विशिष्ट कार्य करने वाले विभाग, अधिकारी, कर्मचारी एवं व्यक्ति को शपथ समारोह में सम्मानित किया जायेगा। डॉ0 रावत ने कहा कि एक सर्वे के मुताबिक राज्य में 26.5 प्रतिशत लोग तम्बाकू का सेवन करते हैं, इस आंकडे को कम करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाना जरूरी है तभी जाकर उत्तराखंड तम्बाकू मुक्त राज्य का दर्जा हासिल कर सकेगा। उन्होंने कहा कि तम्बाकू सेवन से भले ही क्षणिक सुख मिलता हो लेकिन धीरे-धीरे शरीर असाध्य बीमारियों से घिर जाता है।
