अल्मोड़ा: लाइनमैन की मौत के बाद भड़का आक्रोश, शव रखकर 11 घंटे धरने पर बैठे ग्रामीण

यूपीसीएल के लाइनमैन बलवंत सिंह की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शशिखाल बिजलीघर में शव रखकर धरना दिया। करीब 11 घंटे बाद आर्थिक मदद के आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया अल्मोड़ा जिले के यूपीसीएल में कार्यरत लाइनमैन की मौत के बाद शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने सुबह करीब सात बजे शशिखाल बिजलीघर में शव रखकर धरना शुरू कर दिया। करीब 11 घंटे तक शव बिजलीघर में ही रखा रहा। शाम करीब छह बजे अधिकारियों और ठेकेदार की ओर से आर्थिक मदद का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ।दरअसल ग्राम पंचायत मुनढ़ा निवासी बलवंत सिंह (40) पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। बताया गया कि लॉपिंग के दौरान पैर में चोट लगने के बाद उसमें इन्फेक्शन फैल गया था। परिवार की आर्थिक तंगी के कारण वह इलाज नहीं करा पा रहे थे। परिजनों का आरोप है कि बलवंत ने ठेकेदार से अपनी तनख्वाह और ईएसआई कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की लेकिन न तो उन्हें समय पर वेतन मिला और न ही ईएसआई कार्ड उपलब्ध कराया गया। बलवंत की पत्नी सुमित्रा देवी ने ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई। इसके बाद ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर शुक्रवार को उन्हें काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां रात करीब साढ़े 11 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.