भल्डगांव में आंदोलन शिफ्ट कराने पहुंचे अधिकारी, नहीं माने ग्रामीण
चिन्यालीसौड़। विस्थापन की मांग को लेकर भल्ड गांव के ग्रामीणों का आंदोलन शनिवार को 26वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम ने ग्रामीणों से धरना स्थगित करने और स्थल को दूसरी जगह शिफ्ट करने को कहा लेकिन ग्रामीणों ने प्रशासन के इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया।
शनिवार को तहसीलदार जबर सिंह असवाल, कानूनगो, पटवारी और पुलिस प्रशासन की टीम एएसआई के नेतृत्व में धरना स्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर धरना समाप्त अथवा स्थगित करने और धरना स्थल बदलने का आग्रह किया। ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि धरना स्थल बदलने से उनकी समस्या का समाधान नहीं होगा।
