देहरादून (ब्यूरो) – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। अब तक 2.5 लाख से अधिक कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने पोर्टल पर निबंध और सुझाव भेजकर उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपना विजन साझा किया है। निबंध जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने 10 अगस्त को प्रदेश के करीब तीन लाख विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद के दौरान उनसे पूछा था कि वे आने वाले वर्षों में अपने उत्तराखंड को किस रूप में देखना चाहते हैं। इसके बाद सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की।